अपना दल (एस), सुभासपा और निषाद पार्टी के खाते में एक-एक सीट जाने की अटकलें; मड़ियाहूं, जफराबाद, केराकत, शाहगंज और मल्हनी पर सहयोगियों की नजर
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। जौनपुर की नौ विधानसभा सीटों पर एनडीए के संभावित सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सियासी गलियारों में चल रही अटकलों के मुताबिक, भाजपा अपने सहयोगी दलों को तीन सीटें दे सकती है, जबकि छह सीटों पर खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
चर्चाओं के अनुसार, अपना दल (एस), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और निषाद पार्टी को एक-एक सीट मिल सकती है। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाला अपना दल (एस) मड़ियाहूं और मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकता है। मड़ियाहूं को पार्टी का मजबूत क्षेत्र माना जा रहा है। वहीं, मुंगरा बादशाहपुर में पटेल मतदाताओं की संख्या और भाजपा की पिछली चुनावी स्थिति को देखते हुए पार्टी की दिलचस्पी बताई जा रही है। हालांकि, दोनों में से किसी एक सीट पर ही सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की पार्टी जफराबाद और केराकत विधानसभा क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक संभावनाएं तलाश रही है। इन दोनों सीटों पर पार्टी की दावेदारी को लेकर चर्चा है। गठबंधन में किस सीट पर सहमति बनेगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
संजय निषाद के नेतृत्व वाली निषाद पार्टी को जौनपुर में शाहगंज या मल्हनी विधानसभा सीट में से एक मिल सकती है। इन दोनों क्षेत्रों के जातीय और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए गठबंधन में विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बदलापुर, मछलीशहर और जौनपुर सदर विधानसभा सीटों पर फिलहाल सहयोगी दलों की मजबूत दावेदारी सामने नहीं आई है। ऐसे में इन सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी उतारने की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सहयोगी दलों के साथ सीटों को लेकर बातचीत की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। अपना दल (एस) से बातचीत के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, निषाद पार्टी के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सुभासपा के लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। अंतिम फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
संभावित सीट बंटवारे का गणित : भाजपा : 6 सीटें, अपना दल (एस) : 1 सीट
सुभासपा : 1 सीट, निषाद पार्टी : 1 सीट
फिलहाल यह पूरा समीकरण राजनीतिक चर्चाओं और संभावित दावेदारियों पर आधारित है। जौनपुर की नौ विधानसभा सीटों पर किस दल को मौका मिलेगा, इसकी वास्तविक तस्वीर गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत और आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।






