काली पट्टी बांधकर पढ़ाया, मांगें न मानीं तो 26 फरवरी को डीबीएसई कार्यालय पर धरना
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। टीएफआई के बैनर तले उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शैक्षणिक महासंघ तथा उत्तर प्रदेशीय महिला शिक्षक संघ के आह्वान पर क्षेत्र के प्राथमिक, जूनियर और कम्पोजिट विद्यालयों के शिक्षकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
बनकट, उकथी, छाही, सोनबरसा सहित क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शिक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। शिक्षक नेता ज्योति भूषण त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 22 फरवरी को ट्विटर (एक्स) अभियान चलाया गया, जो लगभग छह घंटे तक ट्रेंड करता रहा। उन्होंने कहा कि 23, 24 और 25 फरवरी तक काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रहेगा।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 26 फरवरी को सभी शिक्षक अपने-अपने जनपद में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी न होने पर देशभर के शिक्षक दिल्ली कूच कर आंदोलन को और तेज करेंगे।




