चोलापुर क्षेत्र के पलहीपट्टी चौराहे पर हादसा, हालत नाजुक होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
चोलापुर (वाराणसी)। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर चौकी अंतर्गत पलहीपट्टी चौराहे पर रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार प्रिस यादव (30), निवासी गौरां तेतारपुर, थाना चौबेपुर, अपने घर से बाबतपुर एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पलहीपट्टी चौराहे के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




