खिचड़ी प्रसाद और शीतल जल सेवा में उमड़े श्रद्धालु, अनिल कुमार जैन बोले— सेवा, समर्पण और शिवभक्ति का संदेश देता है सावन
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। सावन माह के प्रथम शनिवार के पावन अवसर पर संकल्प संस्था द्वारा संचालित ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ के अंतर्गत चौक स्थित कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ प्रतिष्ठान के सामने खिचड़ी प्रसाद वितरण एवं शीतल जल सेवा का आयोजन श्रद्धाभाव के साथ किया गया। संस्था के इस जनसेवा अभियान के 224वें सप्ताह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर सेवा कार्य का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पित कर किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद एवं शीतल जल का वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने पूरे आयोजन के दौरान सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया।
संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि सावन का पवित्र माह भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा, संयम और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ का यह अभियान पिछले 224 सप्ताह से लगातार जनसेवा के उद्देश्य को साकार कर रहा है और समाज के सहयोग व ईश्वर की कृपा से यह सेवा यात्रा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानवता है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस सेवा अभियान में प्रो. राम जी अग्रवाल, श्रीमती मंजू अग्रवाल एवं श्रीमती मृदुला रानी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), श्रीमती रमन लता अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल (गिरिराज), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), लल्लन चुरमुरा, अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, रितिक, भैयालाल सहित संस्था के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।




