मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर लमही स्मारक में सांस्कृतिक आयोजन, यथार्थ क्रिएशन के कलाकारों की प्रस्तुति को मिली खूब सराहना
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती के अवसर पर लमही स्थित उनके स्मारक परिसर में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रेमचंद की कालजयी कहानियों पर आधारित विभिन्न नाटकों का मंचन हुआ, जिसमें अनेक संस्थाओं के कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में यथार्थ क्रिएशन की ओर से मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘बड़े घर की बेटी’ का प्रभावशाली नाट्य मंचन किया गया। संवेदनशील अभिनय, सशक्त संवाद और जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक समाप्त होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया।
नाटक में चाचा की भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी एवं ड्रामा डिप्लोमा धारक डॉ. लियाकत अली जलज ने अपने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं ‘बड़े घर की बेटी’ का नाट्य रूपांतरण प्रो. अरुण जैन ने किया, जबकि निर्देशन डॉ. शुभ्रा वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
मंचन में अनुराधा (दादी), रंजना सोनकर, शिवांगी मौर्य, हर्षिता श्रीवास्तव, शिवानी यादव, मुर्शीद जमाल, भानु प्रताप राय, विशाल एवं आकाश सहित सभी कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से कहानी के पात्रों को सजीव कर दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और इसे मुंशी प्रेमचंद की साहित्यिक विरासत को जीवंत करने वाला यादगार मंचन बताया।




