घूमने के बहाने रिंग रोड तक ले गए आरोपी, विरोध करने पर की पिटाई; बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को भी किया घायल
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र में ऑटो चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घूमने के बहाने ऑटो किराये पर बुक कर रिंग रोड तक ले जाने के बाद चालक और उसके साथी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पहड़िया नरायनपुर निवासी रामदुलार चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र गौतम चौहान ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे गांव के ही रामविकास यादव और परदेशी घूमने के बहाने उसका ऑटो किराये पर लेकर संदहाँ होते हुए रिंग रोड हाईवे पर पहुंचे।
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर गौतम चौहान के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे भरत चौहान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




