मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
रिपोर्ट : विवेक राय
मिर्जामुराद। गौर गांव स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय में शनिवार को छात्राओं की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मेहंदी डिजाइन तैयार किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक एवं भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया। इसके बाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा सनोवर बानो ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं बीएससी प्रथम वर्ष की सानिया कन्नौजिया द्वितीय तथा बीएससी प्रथम वर्ष की साक्षी विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक संजीव सिंह गौतम ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं रचनात्मक आयोजनों से छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्राओं की सराहना करते हुए उन्होंने विजेताओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता के समापन पर प्रबंधक द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में सचिव योगेश सिंह, प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह, डॉ. आशुतोष उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, डॉ. अंजना सिंह, डॉ. विजय सिंह, गौरव उपाध्याय, मुकेश यादव, अंजली जायसवाल, संजू गुप्ता, अमृता सिंह, राजेश सिंह, रामजी यादव एवं वीरेंद्र विश्वकर्मा समेत महाविद्यालय के अन्य प्रवक्तागण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।





