सिगरा पुलिस ने अमूल डेयरी के पास से पकड़ा; अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने और जातिसूचक गाली देने का भी आरोप
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, जातिसूचक गाली देने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी अमूल डेयरी के पास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोज मौर्या (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह मूल रूप से मंडुवाडीह क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में सिगरा स्थित अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में रह रहा था। उसके विरुद्ध सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2017, 2018, 2019 और 2024 में मंडुवाडीह एवं भेलूपुर थानों में उसके खिलाफ विभिन्न मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट से संबंधित धाराएं भी शामिल होने की बात कही गई है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उप निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी लल्लापुरा शिवम, रिक्रूट आरक्षी प्रभाकर सिंह यादव तथा रिक्रूट आरक्षी मनीष कुमार गोंड शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच एवं विधिक प्रक्रिया जारी है।




