जल निगम की पाइपलाइन टूटने से सड़क पर बने गड्ढे में हुआ हादसा, निजी अस्पताल में कराया गया उपचार
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर। वाराणसी-गाजीपुर पुराने मार्ग पर जल निगम की पाइपलाइन टूटने के कारण सड़क पर बने गड्ढे हादसे का कारण बन रहे हैं। मंगलवार की शाम करीब छह बजे श्री सुभाष इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास स्कूटी फिसलने से एक न्यूज चैनल के दो पत्रकार घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार प्रवीण चौबे (45) और धर्मेंद्र चौबे (40) शहर से रिपोर्टिंग का कार्य पूरा कर स्कूटी से अपने गांव छितमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण उनकी स्कूटी अचानक फिसल गई। हादसे में दोनों पत्रकार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों की मदद की। उन्हें चौबेपुर कस्बे के एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन टूटने से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है।




