जून से अगस्त तक वितरित निःशुल्क खाद्यान्न का कमीशन नहीं मिला, खाली बोरों का भुगतान भी लंबित
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। प्रदेश के कोटेदारों को जून, जुलाई और अगस्त माह में वितरित किए गए निःशुल्क खाद्यान्न का कमीशन अब तक नहीं मिलने से उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। लगातार तीन माह से भुगतान लंबित होने के कारण कोटेदारों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश तिवारी ने कहा कि जून से अगस्त तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरण का कमीशन अभी तक कोटेदारों को प्राप्त नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा प्रदेश के कोटेदारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश जिलों में खाली बोरों का भुगतान भी लंबित है।
गिरीश तिवारी ने कहा कि तीन महीने से कमीशन नहीं मिलने के कारण कोटेदारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाने तक का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने शासन और संबंधित विभाग से बकाया कमीशन तथा खाली बोरों का भुगतान जल्द कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बकाया भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो प्रदेश के कोटेदार अक्टूबर माह का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण बंद करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।




