लोलार्क कुंड का स्थलीय निरीक्षण कर दिए निर्देश, प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, महिला पुलिस बल, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। आगामी पावन लोलार्क षष्ठी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं और दंपतियों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित करने, मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सहायता केंद्र बनाए जाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पर्व के दौरान सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कुंड परिसर में साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन द्वारा लोलार्क षष्ठी पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।




