सारनाथ-कादीपुर के बीच ट्रेन के सहायक लोको पायलट की खिड़की का शीशा टूटा, मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरपीएफ की कार्रवाई
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के खुटहना गांव निवासी 20 वर्षीय वीरेंद्र बनवासी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कृषक एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरपीएफ के मुताबिक, 15 सितंबर को सारनाथ और कादीपुर के बीच किलोमीटर संख्या 186/35 पर गाड़ी संख्या 15007 कृषक एक्सप्रेस के पावर पर पत्थर फेंका गया था। पथराव में सहायक लोको पायलट की ओर की खिड़की का शीशा टूट गया था।
घटना के बाद ट्रेन के चालक ने कादीपुर स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी और मेमो सौंपा। इसके आधार पर 16 सितंबर को आरपीएफ पोस्ट वाराणसी सिटी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मुकदमा संख्या 411/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक भोला प्रसाद राम द्वारा की जा रही थी।
आरपीएफ पोस्ट वाराणसी सिटी की प्रभारी निरीक्षक श्रीमती अंजूलता द्विवेदी के पर्यवेक्षण और मंडल रिजर्व वाराणसी के निर्देशन में टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। आरपीएफ के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान वीरेंद्र बनवासी पुत्र ननकू, निवासी खुटहना, थाना चौबेपुर, जिला वाराणसी के रूप में हुई है। आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




