चोलापुर के विभिन्न विद्यालयों में 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने लिया हिस्सा, पढ़ने-लिखने और संख्यात्मक ज्ञान का हुआ आकलन
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को चोलापुर ब्लॉक के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रथम मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा (FLNAT) आयोजित की गई। परीक्षा का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज की निगरानी में कराया गया।
चोलापुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती, रामपुर, चौबेपुर, अंजाव, बर्थरा गौरा, उगापुर, राजवाड़ी टेकुरी कैथी, ढाका और धौरहरा सहित विभिन्न विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए। इन केंद्रों पर 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
FLNAT परीक्षा के माध्यम से शिक्षार्थियों की मूलभूत पढ़ने, लिखने और संख्यात्मक ज्ञान से जुड़ी दक्षताओं का आकलन किया गया। परीक्षा के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। संबंधित शिक्षकों ने परीक्षा प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की निगरानी की।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे लोगों को मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान से दक्ष बनाना है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें बुनियादी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को बुनियादी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। FLNAT परीक्षा के जरिए शिक्षार्थियों की साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता का आकलन किया जा रहा है, ताकि उन्हें आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।




