अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल वसूली बंद कराने की मांग पर अड़े किसान, अधिकारियों ने समाधान का दिया भरोसा
रिपोर्ट विवेक राय
चोलापुर (वाराणसी)। 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर बुधवार को चोलापुर थाना परिसर में प्रशासन और किसानों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में एसीपी सारनाथ, वाराणसी एवं उपजिलाधिकारी सदर, वाराणसी ने पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष एवं किसान नेता अजीत सिंह डोभी सहित ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और स्थानीय जनमानस से वार्ता की।
बैठक के दौरान किसानों ने अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स की वसूली तत्काल बंद कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। किसानों का कहना था कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, तो ऐसी स्थिति में टोल वसूली करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को तत्काल प्रभाव से हल कराने की मांग रखी।
अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। प्रशासन की ओर से 30 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। हालांकि किसानों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से बात नहीं बनेगी और जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने एक स्वर में कहा कि अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स वसूली तत्काल बंद की जाए। बैठक में किसानों ने प्रशासन से इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
किसानों का संदेश: “अधूरी सड़क पर टोल वसूली बंद हो — किसानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं।”




