लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, महिला सुरक्षा और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने डीसीपी गोमती जोन नीतू काद्दयान के साथ थाना बड़ागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर डीसीपी नृपेन्द्र कुमार एवं एसीपी प्रशांत सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव, पुलिसकर्मियों की मेस और बैरकों का निरीक्षण किया गया। कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में आने वाले लोगों के लिए शुद्ध पेयजल तथा महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने और छात्र-छात्राओं को 1090, 112 एवं 1930 हेल्पलाइन के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।




