नवागत कुलपति के अभिनंदन समारोह में शिक्षा की गुणवत्ता, एआई के उपयोग और समयबद्ध परीक्षा परिणाम पर दिया जोर
रिपोर्ट : आनंदरत्न उपाध्याय
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नवागत कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह का अभिनंदन समारोह राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश की विश्वविद्यालय इकाई की ओर से डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित किया गया। समारोह में कुलपति को अंगवस्त्रम, मिथिला की पारंपरिक पगड़ी (पाग) एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक छात्रों के प्रेरणास्रोत होते हैं और उन्हें योग्य नागरिक बनाना शिक्षकों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की आत्मा छात्र हैं। बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के लिए छात्रों को सूचना प्रौद्योगिकी से निरंतर जुड़े रहना चाहिए तथा एआई के सही उपयोग की जानकारी हासिल करनी चाहिए।
कुलपति ने छात्रों की समयबद्ध पढ़ाई, परीक्षा के सुचारु आयोजन और त्रुटिरहित परिणाम को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। साथ ही राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से रखे गए सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उनके क्रियान्वयन की दिशा में प्रयास करने की सहमति व्यक्त की।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह का भी अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया गया। प्रो. अल्केश्वरी सिंह, प्राचार्या बयालसी डिग्री कॉलेज, जौनपुर ने कुलपति एवं आमंत्रित प्राध्यापकों का स्वागत किया। वहीं प्रो. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, प्राचार्य पीजी कॉलेज, गाजीपुर ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रो. नलिन कुमार मिश्र, प्रो. राकेश कुमार पाण्डेय, प्रो. अजय कुमार दूबे, प्रो. पुष्पा सिंह, प्रो. सुरेश कुमार पाठक, प्रो. सुधाकर सिंह, डॉ. जगत कुमार सिंह, प्रो. माया सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. श्रवण कुमार शुक्ल सहित राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बड़ी संख्या में प्राध्यापक उपस्थित रहे।






