पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम, प्रीति सिंह व काजल चौहान संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के स्व. सूबेदार सिंह स्मृति महिला महाविद्यालय कटेसर कलां में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत स्वच्छता संगोष्ठी, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता बाबूलाल ने की। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए बाहरी स्वच्छता के साथ विचारों की स्वच्छता भी जरूरी है। इसके बाद निदेशक डॉ. स्वतंत्र कुमार सिंह एवं प्राचार्या डॉ. पुष्पा सिंह ने पोस्टर प्रतियोगिता का निरीक्षण किया।
प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर की जिया सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी प्रथम सेमेस्टर की प्रीति सिंह और बीए प्रथम सेमेस्टर की काजल चौहान संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं। वहीं बीए तृतीय सेमेस्टर की वंदना यादव व आंचल प्रजापति तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर की बसंती मौर्य ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविकांत मणि त्रिपाठी एवं डॉ. अभय कुमार पाण्डेय ने स्वयंसेविकाओं का ‘माय भारत’ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया और प्रमाण पत्र डाउनलोड कराए। कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के यूथ आइकॉन सृजन चतुर्वेदी, जयशंकर मौर्या, सौरभ पाल सहित महाविद्यालय के प्रवक्ता, कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।




