बीमार बच्चों का इलाज कराकर लौट रही महिला को सुनसान रास्ते पर बनाया निशाना, पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्ट : विवेक राय
चोलापुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के गोसाईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गहूरा गांव में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े राह चलती महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
गहूरा गांव निवासी सत्येंद्र पटेल की पत्नी बीमार बच्चों का इलाज कराने के बाद शहर से वापस लौट रही थीं। स्थानीय बाजार से घर जाते समय सुनसान रास्ते पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए अचानक गले पर झपट्टा मारा और सोने का मंगलसूत्र तोड़कर लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। पीड़िता ने परिजनों के साथ गोसाईपुर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी तथा बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी की। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।




