‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत गांव-गांव और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की होगी जांच
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। समाजवादी पार्टी वाराणसी की ओर से मतदाता अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा मतदाता सूची के सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर तक पहुंचकर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज होने की जांच करेंगे और लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे।
यह जानकारी शनिवार को टैगोर टाउन स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, जिला प्रवक्ता संतोष यादव ‘बबलू’ और उमेश प्रधान ने संयुक्त रूप से दी।
सपा नेताओं ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों का परीक्षण कराएं और पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करें।
पत्रकार वार्ता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाने की बात भी कही गई। सपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
सपा नेताओं ने ढेरही टोल प्लाजा पर किसानों के धरना-प्रदर्शन के दौरान एक पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर भी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाचारों को सही तरीके से सामने रखने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। नेताओं ने इसे पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला बताया।
‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के समापन पर 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी के अनुसार जिले की सभी विधानसभाओं के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शास्त्री घाट, वरुणा पुल पर एकत्र होंगे। यहां से जुलूस के रूप में कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंचेंगे।
आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, शशि प्रताप सिंह, सुजीत यादव, उमेश प्रधान, संजय मिश्र, आकाश मौर्य और आनंद यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




