चौबेपुर में न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने रंगों के जरिए प्रस्तुत की विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना
रिपोर्ट विवेक राय
चौबेपुर (वाराणसी)। सेवा संकल्प अभियान के तहत चौबेपुर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में न्याय पंचायत स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। धौरहरा न्याय पंचायत के कक्षा छह से 12वीं तक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी कला और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से ‘विकसित भारत-2047’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की कल्पना को आकर्षक ढंग से उकेरा। रंग-बिरंगे डिजाइन और विषय आधारित प्रस्तुतियों में बच्चों की कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल और देश के विकास के प्रति उनकी सोच साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों का अवलोकन किया और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। इस तरह की प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर देती हैं।
विधायक ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा और सुविधाओं के स्तर में लगातार सुधार हुआ है। उनके अनुसार, आज विद्यार्थी आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
त्रिभुवन राम ने कहा कि पहले सरकारी विद्यालयों में बच्चों के जमीन पर बैठकर पढ़ने की स्थिति थी, जबकि अब प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में विद्यार्थी फर्नीचर पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालयों में डिजिटल कक्षाओं का संचालन हो रहा है। डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को ड्रेस, जूता-मोजा और निःशुल्क पुस्तकों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय, विद्याज्ञान, राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा और अटल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं एवं परीक्षाओं से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ रचनात्मक कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ की संकल्पना को विद्यार्थियों तक पहुंचाने में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम की नोडल शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को रंगोली के जरिए जीवंत रूप दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर तिवारी ‘मून जी’, भरत लाल जुमरानी, अंजनी नंदन पांडेय, यूथ आइकॉन उत्तर प्रदेश सृजन चतुर्वेदी, लक्ष्मण सिंह, शारदा चतुर्वेदी, संतोष कनौजिया, रामसूरत यादव, जितेंद्र कुमार, शिव बच्चन यादव और विजय यादव सहित शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




