आयर बाजार में देर रात चोरों ने की वारदात, पुलिस गश्त के चलते बड़ी चोरी टली; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा पुलिस चौकी अंतर्गत आयर बाजार स्थित जिला सहकारी बैंक में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी का प्रयास किया। चोर बैंक के पिछले हिस्से से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे और गैस कटर से गलियारे का लोहे का दरवाजा काट दिया, लेकिन बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
सुबह पास की दुकान के संचालक दीपक सिंह ने बैंक का कटा हुआ दरवाजा देखा और इसकी सूचना बैंक मैनेजर सुधीर रंजन व कैशियर मनीष नायक को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मुर्दहा चौकी प्रभारी संध्या जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय और एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास की दुकानों और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश कर रही है।
जांच में बैंक परिसर के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की बात सामने आई है। वित्तीय संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में इस कमी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त और सक्रियता के चलते चोर बड़ी वारदात करने में सफल नहीं हो सके।




