शर्मिला इंटरमीडिएट कॉलेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; खेलों को बताया व्यक्तित्व विकास का माध्यम
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के पुआरी खुर्द स्थित शर्मिला इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने में ऐसी प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में डी.के. सिंह, हीरू सिंह, विजय राजभर और सूरज चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक, आयोजक, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी खिलाड़ी तथा अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। विधायक ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विद्यालय परिवार एवं आयोजकों का आभार जताते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




