सुजीत कुमार की घातक गेंदबाजी से झारखंड 48 रन पर ढेर, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दिव्यांग खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में आयोजित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। शनिवार को खेले गए मुकाबले में यूपी ने झारखंड को आठ विकेट से पराजित किया। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना पश्चिम बंगाल की टीम से होगा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 12 ओवर में 48 रन बनाकर सिमट गई। टीम के खाते में नौ अतिरिक्त रन जुड़े, लेकिन कोई भी बल्लेबाज व्यक्तिगत रूप से दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। यूपी के सुजीत कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में मात्र दो रन देकर चार विकेट झटके। झारखंड से मिले 49 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली। इस शानदार प्रदर्शन के साथ यूपी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जहां उसका मुकाबला पश्चिम बंगाल से होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य विजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद बल्ले से गेंद खेलकर मुकाबले का शुभारंभ किया गया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेटरों से जीवन में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हौसला बनाए रखने की प्रेरणा लेनी चाहिए। कठिनाइयां कितनी भी हों, उनका डटकर सामना करना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए।
पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट सहित प्रदेश के अन्य खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया, जबकि आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह (साजन), श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी, समाजसेवी रामयश मिश्रा, दिलीप मिश्रा, हिमांशु सिंह, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी और चंदन सिंह सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




