सिगरा स्टेडियम में आयोजित दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा एवं अंतिम दिन उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए विशिष्ट अतिथियों का स्वागत भी किया गया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल की टीम विजेता बनी।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चंद्र यादव तथा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी श्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पूर्व एमएलसी श्री बृजेश सिंह, एमएलसी श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह एवं श्री सिद्धार्थ सिंह की भी प्रमुख उपस्थिति रही। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया और अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
टूर्नामेंट के दौरान दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपने असाधारण जज्बे, आत्मविश्वास, संघर्ष और खेल कौशल से दर्शकों को प्रभावित किया। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से यह संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।
‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ ने दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता ने खेलों में समान अवसर, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के महत्व को भी रेखांकित किया। खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
टूर्नामेंट का आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान दिलाने, उनका मनोबल बढ़ाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।






