मदुरै (तमिलनाडु) में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे क्रिकेट का दम, ईस्ट जोन टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया था क्षेत्र का गौरव
रिपोर्ट विवेक राय
हरहुआ (वाराणसी)। क्षेत्र के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी समृद्ध सिंह का चयन सीबीएसई नेशनल अंडर-19 ईस्ट जोन टीम में हुआ है। वह तमिलनाडु के मदुरै में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता 24 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
समृद्ध सिंह ने इससे पहले ईस्ट जोन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। समृद्ध दाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज भी हैं।
उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। एसएस पब्लिक स्कूल, बाबतपुर के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य तथा विवेक एकेडमी के सीमांत सिंह ने समृद्ध की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समृद्ध के चयन को उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा का परिणाम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें मदुरै में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां समृद्ध सिंह अपने खेल कौशल से टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।





