हरमन्न माईनर स्कूल के छात्र ने अंडर-17 वर्ग में हासिल किया दूसरा स्थान, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। दनियालपुर (डुबकियां) स्थित हरमन्न माईनर स्कूल के छात्र अर्क चावला ने पहली कार्नहोल सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
मथुरा कार्नहोल एसोसिएशन के तत्वावधान में 10 और 11 अक्टूबर को महावीर स्वामी गेस्ट हाउस, मथुरा में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए।
प्रतियोगिता के बालक जूनियर अंडर-17 वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अर्क चावला ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश की टीम के कोच एवं मैनेजर की जिम्मेदारी कृष्ण कुमार और रमेश कुमार श्रीवास्तव ने निभाई।
छात्र की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अंबिका प्रसाद गौड़ ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्क चावला आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।





