सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत एमबीएस पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों ने स्वच्छ ईंधन और महिला स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। महाराज बलवंत सिंह पीजी कॉलेज, गंगापुर में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत तृतीय नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पर आधारित इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को स्वच्छ ईंधन के उपयोग और योजना के सामाजिक लाभों के प्रति जागरूक किया।
नाटक के जरिए बताया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों की महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इससे पारंपरिक चूल्हे के धुएं से होने वाली परेशानियों को कम करने, महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने और रसोई में स्वच्छता बढ़ाने में मदद मिलती है। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ ईंधन अपनाने तथा पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में गंगापुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुबेर चन्द्र गुप्ता जनप्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुरुषोत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अखिलानंद, डॉ. अर्चना सिंह और अंगद प्रसाद यादव ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा और जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।




