रायबरेली से भटककर वाराणसी पहुंची थी 55 वर्षीय महिला, पति और ग्राम प्रधान ने थाने पहुंचकर की पहचान
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर क्षेत्र में पुलिस और समाजसेवी की तत्परता से तीन वर्षों से लापता एक महिला आखिरकार अपने परिवार से मिल गई। शुक्रवार को चंद्रावती घाट के समीप महिला के मिलने की सूचना समाजसेवी सिद्धार्थ मौर्य ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस महिला को सुरक्षित थाने लेकर आई और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। काफी प्रयास के बाद उसने अपना नाम और पता बताया। इसके आधार पर महिला की पहचान रायबरेली जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के यूसुफपुर निवासी गंगा देवी (55 वर्ष), पत्नी शिवकुमार उर्फ मुन्नी के रूप में हुई। इसके बाद उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा और महिला उपनिरीक्षक पूजा गुप्ता ने परिजनों से संपर्क साधा।
महिला के मिलने की सूचना पर उसके पति शिवकुमार और ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह उर्फ बबलू सिंह चौबेपुर थाने पहुंचे। दोनों ने महिला की पहचान गंगा देवी के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गंगा देवी पिछले करीब तीन वर्षों से लापता थीं और काफी समय से उनकी तलाश की जा रही थी।
पहचान एवं पते का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर गंगा देवी को उनके पति और ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में सुरक्षित सौंप दिया। तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद महिला के मिलने से परिवार में खुशी और राहत का माहौल है। परिजनों ने महिला को सकुशल वापस दिलाने में सहयोग करने वाले समाजसेवी एवं पुलिस का आभार जताया।




