ग्रामीण अंचलों में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
चोलापुर (वाराणसी)। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों सहित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर, आदित्य नारायण पब्लिक स्कूल, आर.के. पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, भोहर आदर्श इंटर कॉलेज तथा बीएनएच एम अकादमी विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर में प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू सिंह ने छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यालय परिवार ने थाना चोलापुर पहुंचकर पुलिसकर्मियों और बहादुर सैनिकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया गया।
विद्यालय परिसर में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नाटक, पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियां और लोक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।




