सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर विशेष रूप से ध्यान देने का निर्देश देते हुए उन्होंने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व पुलिस कर्मियों को स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान कुल 96 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से निपटारा करने का आदेश दिया। साथ ही लंबित मामलों में हो रही देरी के कारणों का विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा।




