काशी पहुंचते ही सीएम योगी ने बाबा विश्वनाथ व काल भैरव के किए दर्शन
वाराणसी, 29 अगस्त। प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने परंपरा का निर्वहन करते हुए पहले बाबा काल भैरव के दरबार में पूजा-अर्चना और आरती की। इसके पश्चात वे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन-अभिषेक कर लोकमंगल व जनकल्याण की कामना की।
दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए, जिनका मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था की समीक्षा तथा विकास परियोजनाओं की प्रगति के आकलन के लिए है।




