बर्थरां खुर्द में मरम्मत कराए खड़ंजे को अज्ञात लोगों ने उखाड़ा, प्रधान ने दी तहरीर
चौबेपुर (वाराणसी)। बर्थरा खुर्द गांव में शुक्रवार को ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न कर दी गई। ग्राम प्रधान सुनील यादव गांव से चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग तक जाने वाले चुमकुनी जय जवान जय किसान मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने लगाए गए सरकारी खड़ंजे को उखाड़कर फेंक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रधान सुनील यादव ने चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर उपनिरीक्षक रोशनी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं और निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधान को आश्वस्त किया कि लेखपाल से पैमाइश कराकर शीघ्र ही रास्ते के निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।





