गोसाईंपुर में यातायात पुलिस का अभियान, लोगों को किया जागरूक
वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र के गोसाईंपुर मोहांव चौराहे पर रविवार को यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को ट्रैफिक नियमों के महत्व से अवगत कराया और नियमों के पालन की अपील की।
अभियान में पुलिस टीम ने चौराहे पर “अपने लेन में चलें”, “नो पार्किंग जोन में वाहन न खड़ा करें” और “दोनों सवारी हेलमेट पहनें” जैसे संदेशों वाले बोर्ड लगाए। साथ ही सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटवाया गया और चालकों को सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने की हिदायत दी गई।
यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश कुमार ने कहा कि “आपका जीवन अनमोल है, इसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। हमेशा हेलमेट पहनें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।”
अभियान में कांस्टेबल अमित कुमार और होमगार्ड अजय सोनकर भी शामिल रहे। पुलिस टीम ने चौराहे पर मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और उनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।




