आज से कोटे की दुकानों पर गेहूं-चावल का वितरण शुरू
चौबेपुर (वाराणसी)। जिले में बुधवार 10 सितंबर से कोटे की दुकानों पर कार्डधारकों को गेहूं और चावल का वितरण शुरू हो गया है। यह व्यवस्था 25 सितंबर तक चलेगी। वितरण सुबह 8 से 12 बजे और अपराह्न 2 से 6 बजे तक किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रदीर्ण प्रभ सिंह ने बताया कि केवल उन्हीं यूनिटों को खाद्यान्न मिलेगा जिनका केवाईसी पूरा हो चुका है। जिन कार्डधारकों का केवाईसी लंबित है, उन्हें इस माह राशन नहीं मिलेगा। उदाहरण स्वरूप, यदि पांच सदस्यों के कार्ड में तीन का केवाईसी पूरा है और दो शेष हैं, तो केवल तीन यूनिट का ही गेहूं-चावल मिलेगा। शेष दो यूनिट का खाद्यान्न ई-पॉस मशीन में होल्ड हो जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिनका केवाईसी इस माह पूरा हो जाएगा, उन्हें अगले माह से नियमित खाद्यान्न प्राप्त होगा। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को नियमानुसार ही राशन वितरण किया जाएगा।




