अंतिम क्षणों में भी तारा देवी ने निभाया मानवता का धर्म
चौबेपुर (वाराणसी)। ग्राम सभा गौरा कला निवासी 80 वर्षीय तारा देवी पत्नी रामचरण मौर्य का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। जीवन के अंतिम क्षणों में भी उन्होंने समाज के लिए प्रेरणा बनते हुए अपने दोनों नेत्र दान कर दिए।
परिजनों के अनुसार तारा देवी के पुत्र संतोष मौर्य ने पूर्व में अंगदान का संकल्प लिया था। उसी से प्रेरित होकर उन्होंने भी जीवन रहते नेत्रदान का प्रण लिया था, जो उनके निधन के बाद पूरा हुआ।
वाराणसी आई बैंक से पहुंचे डॉ. अजय मौर्या की देखरेख में नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई। डॉक्टरों ने बताया कि एक व्यक्ति का नेत्रदान चार लोगों की रोशनी लौटा सकता है। इसमें उम्र कोई बाधा नहीं है और हर कोई समाज में नई रोशनी फैलाने का माध्यम बन सकता है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान राजेश कुमार (राजू), प्रधान संघ कोषाध्यक्ष चिरईगांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




