माल बरामद न होने से पीड़ित परेशान, उच्चाधिकारियों से लगाई गुहार
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। थाना सिकरारा क्षेत्र के महमदपुर निवासी निर्भय चौहान पुत्र लालता प्रसाद ने शराब दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस प्रशासन से चोरी गया माल बरामद कराने की मांग की है। पीड़ित के अनुसार वह गनापुर स्थित सरकारी शराब की दुकान का प्रबंधन और देख-रेख करता है।
पीड़ित ने बताया कि 13 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का चैनल व ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 133 सीसी 42 डिग्री शराब, 26 केन बीयर तथा करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोरी करने वालों की पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
निर्भय चौहान के अनुसार, प्रार्थना पत्र देने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर क्राइम नंबर 0026/2026 कायम किया और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। हालांकि बाद में सभी आरोपी न्यायालय से जमानत पर रिहा हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद चोरी गया माल अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र माल बरामद कराने की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके।





