हाजीपुर में संदिग्ध ड्रोन की चर्चा, ग्रामीणों में दहशत
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में गुरुवार शाम संदिग्ध ड्रोन देखे जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात बजे चौहान बस्ती के ऊपर ड्रोन जैसी उड़ती वस्तु नजर आई, जिसका कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने इसे चोरी या जासूसी से जोड़ते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी चोलापुर क्षेत्र के कई गांवों में इसी तरह की गतिविधियां देखी गई थीं। लगातार घटनाओं से लोगों में भय और असमंजस का माहौल है।
अजगरा चौकी इंचार्ज गणेश दत्त त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, लेकिन जांच में कोई ड्रोन नहीं मिला। वायरल वीडियो की भी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सतर्क है और मामले की गहन जांच जारी है।




