वाराणसी में वकील–पुलिस विवाद: सीपी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, मजिस्ट्रेट जांच पर बनी सहमति
वाराणसी। जिले में वकीलों और पुलिस के बीच हाल ही में हुए विवाद को लेकर रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला प्रशासन की अहम बैठक हुई। बैठक में कई संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्णय हुआ कि दारोगा पिटाई प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही वकीलों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने पर विचार होगा। फिलहाल दर्ज मामलों पर किसी तरह की तत्काल कार्रवाई नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने वकीलों और पुलिस दोनों से संयम बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों का कहना है कि इस विवाद का निष्पक्ष समाधान सभी पक्षों के सहयोग से ही संभव है। बैठक से उम्मीद जताई जा रही है कि कानूनी पेशेवरों और नागरिकों का भरोसा बहाल होगा और शहर में तनाव की स्थिति समाप्त होगी।




