हत्या प्रयास मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद
चौबेपुर। हत्या के प्रयास मामले में वांछित चल रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने शनिवार दोपहर शंकरपुर अंडरपास के पास से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में वीरेंद्र सिंह (52) और उसका पुत्र अभिषेक सिंह (18) शामिल हैं, जो बभनपुरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को आरोपियों ने चंद्रप्रकाश सिंह के पुत्र गौरव सिंह पर गोली चला दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद चौबेपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में वीरेंद्र सिंह के पास से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रोशन कुमार राय, कांस्टेबल देवेंद्र आर्या और रवि कुमार गौतम शामिल रहे।




