जीएसटी में राहत पर व्यापारियों ने केंद्र सरकार का जताया आभार
वाराणसी। नगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सोमवार दोपहर सिगरा स्थित श्रद्धेय तिलक जी की प्रतिमा स्थल पर केंद्र सरकार को जीएसटी में मिली राहत के लिए धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान व्यापारियों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई और सरकार को इस फैसले के लिए आभार व्यक्त किया।
मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह ‘बिल्लू’ ने जहां केंद्र सरकार का आभार जताया, वहीं लंबे समय से लंबित व्यापारी आयोग की मांग को पूरा करने की ओर ध्यान दिलाया। संरक्षक अशोक अग्रहरि और मदन मोहन कपिल ने कहा कि यदि व्यापारी आयोग का गठन हो जाए तो यह खुशी और बढ़ जाएगी।
उपाध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, राकेश मिड्ढा, शोभनाथ मौर्य, विनोद सिंह, मनोज दुबे, संजय बनर्जी व यादवेंद्र सिंह ने कहा कि ऑटोमोबाइल, बीमा, इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर और खानपान की वस्तुओं पर जीएसटी में राहत से आम और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया।
ढोल-नगाड़ों, फलाहारी मिठाई और आतिशबाजी के बीच व्यापारी संगठनों ने एक स्वर में “धन्यवाद मोदी सरकार” कहा। इस अवसर पर चितईपुर व्यापार मंडल, टेंट एसोसिएशन, सिगरा–महमूरगंज व्यापार मंडल, बीज एवं कीटनाशक मंडल, होटल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट संगठन समेत अनेक व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन संयोजक सुमित मौर्या निक्की व सत्यार्थ भारती ने किया।




