बिजली विभाग का जेई रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई, 30 हजार रुपये की कर रहा था मांग
वाराणसी (बड़ागांव)। बिजली विभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। बुधवार को अनेई उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) सतेन्द्र कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता चंद्र भान सिंह ने टीम को सूचना दी थी कि अनेई लच्छीरामपुर निवासी एक उपभोक्ता के बिजली कनेक्शन की रिपोर्ट लगाने के लिए जेई ने रिश्वत की मांग की है। शिकायत की पुष्टि करने के लिए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही जेई ने पैसे लिए, उसे धर दबोचा। मौके पर उसका हाथ धुलवाकर प्रमाण भी जुटाया गया।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड हरहुआ हेमंत कुमार ने बताया कि आरोपी जेई को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से बिजली विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।




