गौराकलां गांव की घटना, साथी भी झुलसा
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चिरईगांव (वाराणसी)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौराकलां गांव में शनिवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर पर म्यूजिक सिस्टम को ठीक करते समय करंट की चपेट में आए रोहित राजभर (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसे बचाने के दौरान उसका साथी अंश (19) भी झुलस गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार रोहित अपने घर पर खराब म्यूजिक सिस्टम को ठीक कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में पास खड़ा अंश भी करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
रोहित तीन भाइयों में मझला था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता लल्लन राजभर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




