बिना अनुमति जुलूस निकालने पर आठ गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
वाराणसी : सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में बिना अनुमति जुलूस निकालने और नारेबाजी करने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
बीते 22 सितंबर की रात लल्लापुरा क्षेत्र में पोस्टर और म्यूजिक सिस्टम के साथ जुलूस निकाला गया था। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। मामले में चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे की तहरीर पर सिगरा थाने में केस दर्ज हुआ था।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में लल्लापुरा काजीपुरा खुर्द निवासी शहाबुद्दीन अंसारी, स्वालेह अंसारी, साहिल जमाल, सरफराज अहमद, वसीम, इश्तियाक, मोहम्मद इमरान और एक किशोर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से दो आरोपित प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े हैं, जिन्होंने पोस्टर और बैनर तैयार किए थे।
पुलिस का कहना है कि शेष आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।




