संगीत और श्रद्धा के संग मां दुर्गा को दी विदाई
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी) – विजयादशमी पर्व के उपरांत प्रियदर्शनी मां दुर्गा पूजा समिति द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का सोमवार को विधि-विधानपूर्वक विसर्जन किया गया। गाजे-बाजे, अबीर-गुलाल और जयकारों के बीच शोभायात्रा निकालते हुए प्रतिमाओं को सोनबरसा पोखरे में विसर्जित किया गया।
समिति के अध्यक्ष आकाश जायसवाल ने बताया कि चौबेपुर कस्बे में रामलीला के दौरान विजया एकादशी और भरत मिलाप का भव्य मेला आयोजित होता है। इसी परंपरा के तहत प्रतिमाओं का विसर्जन सोमवार की दोपहर किया गया।
विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे मार्ग में “जय माता दी” के उद्घोष गूंजते रहे। इस अवसर पर प्रधान राघवेन्द्र जायसवाल, सुनील चौबे, गोल्डी सोनकर सहित सैकड़ों भक्त और समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान वातावरण भक्तिरस और उल्लास से सराबोर रहा।




