गंगा-गोमती घाटों पर उमड़ी आस्था की लहर, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मनाया गया छठ महापर्व
चौबेपुर (वाराणसी)। लोकआस्था के महापर्व छठ पर सोमवार को चौबेपुर क्षेत्र के गंगा और गोमती तटों पर भक्तिभाव और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कमर तक जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

गौरा ऊपरवार गंगा घाट, ग्राम सभा छित्तमपुर स्थित मां नेपाली भगवती धाम तालाब, कैथी मार्कंडेय महादेव घाट, गंगा-गोमती संगम घाट और छोटा शिवाला घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे। घाटों को दीप, फूलों और रंगीन लाइटों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठा।
महिलाएं सूप और डलिया में प्रसाद लेकर छठ गीतों की मधुर धुनों के बीच घाटों तक पहुंचीं। हर ओर “छठी मइया” के जयघोष गूंजते रहे। सामान्य दिनों में शांत रहने वाले घाट इस दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार हो उठे।
छठ व्रती महिलाओं के साथ उनके परिवारजन भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी ने अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियां शुरू कर दीं। पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व उल्लास, श्रद्धा और संयम के साथ मनाया गया।




