नरायनपुर-कुटिया गांव में घटना से सनसनी, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी (चौबेपुर)। क्षेत्र के नरायनपुर-कुटिया गांव स्थित एक आरो प्लांट में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने 25 वर्षीय श्रवण गोंड़ पुत्र रमेश गोंड़ का शव फांसी के फंदे से लटकता देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक श्रवण चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर का था।
परिजनों ने बताया कि श्रवण पिछले कुछ दिनों से गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन विवाद को लेकर तनाव में था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने साजिश के तहत हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
सूचना पाते ही एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत वर्मा पुलिस टीम और उपनिरीक्षकों संग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हर पहलू से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया ताकि साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
इधर, मृतक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए और प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि “जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।”
एसीपी सारनाथ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या — दोनों ही पहलुओं से जांच कर रही है।




