आठ नवंबर से कोटे पर मुफ्त गेहूँ-चावल का वितरण शुरू
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर शनिवार 08 नवंबर से कार्डधारकों को गेहूँ और चावल का निःशुल्क वितरण प्रारंभ हो जाएगा। जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण वल्लभ सिंह ने बताया कि यह वितरण 08 नवंबर से 25 नवंबर तक निर्धारित समय सारणी के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कोटे की दुकानों पर प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और अपराह्न 2 बजे से शाम 6 बजे तक खाद्यान्न उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों ने लाभार्थियों से अपील की है कि वितरण के दौरान यूनिट के अनुसार ही सामग्री प्राप्त करें और दुकान पर अपना मोबाइल नंबर व आधार सत्यापन अवश्य कराएँ।
जिलापूर्ति विभाग ने कोटेदारों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में ओवररेटिंग या अनियमितता की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




