ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर में छापा, 30 हजार कफ सिरप की शीशियां बरामद
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के सुजाबाद इलाके में मंगलवार को एसआईटी ने कफ सिरप तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर को गोदाम के रूप में उपयोग किए जाने का खुलासा किया। डीसीपी क्राइम टी. सरवणन के निर्देशन में की गई कार्रवाई में टीम ने प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की करीब 30 हजार शीशियां बरामद कीं।
सूत्रों के अनुसार यह स्थान पिछले तीन महीने से किराए पर लिया गया था। राहुल नामक व्यक्ति ने यहां ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर और ‘झोले’ का कारोबार दिखाकर कमरे को हमेशा बंद रखा। छापेमारी के दौरान जब कमरा खोला गया तो अंदर हजारों कार्टून में भरी बोतलें मिलीं। बरामद खेप की कीमत लगभग 63 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि यह गोदाम कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के नेटवर्क से जुड़ा है। माना जा रहा है कि ये वही उत्पाद हैं, जिनकी एक खेप कुछ दिन पहले रोहनिया के एक जिम से पकड़ी गई थी।
एसआईटी की प्राथमिक जांच में यह भी पता चला कि इस गोदाम का संचालन औसानगंज निवासी मनोज कुमार यादव के स्टैंड से किया जाता था, जो शुभम जायसवाल का करीबी बताया जाता है। छापेमारी के दौरान मनोज मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गिरफ्तार आज़ाद जायसवाल की गाड़ी भी इसी गोदाम के पास खड़ी मिली थी। इसी आधार पर टीम ने स्थान की पुष्टि की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसआईटी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी किए हुए है, जबकि बरामद कार्टून, रैपर और संबंधित दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच में लिए गए हैं।




