विभिन्न पदों के लिए 21 नामांकन पत्र वितरित, तहसील परिसर में रही गहमागहमी
राजातालाब। तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के वार्षिक चुनाव वर्ष 2026 को लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की चहल-पहल और गहमागहमी देखने को मिली।
चुनाव संचालन समिति के सदस्य छेदीलाल यादव, नंद किशोर सिंह पटेल एवं विजय कुमार भारती ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए, जबकि पहले दिन छह प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
नामांकन दाखिल करने वालों में महामंत्री पद के लिए शैलेंद्र कुमार सिंह, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए जगदीश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पद हेतु मुकेश कुमार उपाध्याय, संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद के लिए नरेंद्र कुमार यादव, आय-व्यय निरीक्षक पद के लिए अमरनाथ यादव तथा कनिष्ठ प्रबंधन समिति सदस्य पद के लिए मयंक कुमार पांडेय शामिल हैं।
चुनाव संचालन समिति ने बताया कि निर्धारित तिथियों के अनुसार आगे की चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।




