मोबाइल को लेकर हुआ विवाद, पोस्टमार्टम के बाद हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा मोहल्ले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मां की डांट से नाराज 13 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी मोहल्ले में इस हादसे को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
परिजनों के अनुसार सोनाक्षी सातवीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता दीपू यादव ने बताया कि सोनाक्षी पढ़ाई पर कम ध्यान देती थी और अधिकतर समय मोबाइल फोन पर बिताती थी। इसी बात को लेकर बुधवार को उसकी मां ने उसे डांटा और मोबाइल छीन लिया। बताया जा रहा है कि इसी से आहत होकर सोनाक्षी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद सोनाक्षी का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद हरिश्चंद्र घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।




